🔴 Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के राजासर भाटियान से एक चौंकाने वाली और गंभीर घटना सामने आई है, जहाँ राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर दिनदहाड़े एक स्कूली छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया गया। यह घटना आज दोपहर स्कूल की छुट्टी के समय हुई, जिससे पूरे विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कक्षा 11वीं में पढ़ने वाले एक छात्र ने 12वीं कक्षा की छात्रा पर अचानक चाकू से वार कर दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। जब एक अन्य छात्रा बीच-बचाव के लिए आगे आई, तो उसके हाथ में भी चाकू लगने से चोट आई। घटना के तुरंत बाद स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रा को छत्तरगढ़ के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। छात्रा के घाव पर टांके लगाए गए हैं, हालांकि राहत की बात यह है कि उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए, वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हमले के कारणों और आरोपी छात्र की भूमिका को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।















