🟡 Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। आड़सर बास निवासी एक विधवा मां ने अपने ही बड़े बेटे और बहू पर मारपीट, धमकाने और चाकू से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। थानाधिकारी जितेंद्र स्वामी के अनुसार, पीड़िता इंद्रादेवी पत्नी नवलकिशोर झंवर ने बेटे दिनेश झंवर और बहू रीना महेश्वरी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
इंद्रादेवी ने पुलिस को बताया कि –
पति के निधन के बाद वह अकेली रहती है। उसका छोटा बेटा रूकमानंद झंवर दिल्ली में रहता है और 28 अगस्त को वह अपनी मां से मिलने घर आया था। उसी दिन दोपहर करीब ढाई बजे बड़ा बेटा दिनेश और उसकी पत्नी रीना घर का नाम अपने नाम करवाने की मांग को लेकर झगड़ने लगे। आरोप है कि दोनों ने मारपीट करते हुए वृद्धा की आंख के नीचे और शरीर पर चोटें पहुंचाई। अगले ही दिन 29 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे दिनेश चाकू लेकर घर पहुंचा और मां को जान से मारने की धमकी दी। हमले के दौरान इंद्रादेवी ने हाथ आगे कर लिया। जिससे हाथ पर गहरी चोट आई और खून बह निकला। इसके बाद आरोपी ने गला दबाने की भी कोशिश की, जिससे गले पर खरोंचें आ गईं। छोटे बेटे रूकमानंद ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। लेकिन दिनेश ने चेतावनी दी कि जैसे ही वह दिल्ली जाएगा, मां की हत्या कर दी जाएगी।
पीड़िता ने बताया कि पहले यह मामला पारिवारिक विवाद मानकर पुलिस को सूचना नहीं दी थी, लेकिन लगातार मिल रही प्रताड़ना और जान का खतरा देख आखिरकार थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल रामस्वरूप को सौंप दी है।














