⚫ Bikaner Diwali 2025
बीकानेर में दीपावली का पांच दिवसीय पर्व आज से शुरू हो गया है। धनतेरस के शुभ अवसर पर शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। हर कोई इस पर्व को लेकर उत्साहित है — कहीं सोने-चांदी की खरीदारी हो रही है तो कहीं नए वाहनों की बुकिंग हो रही है। व्यापारी वर्ग को भी आज के दिन करोड़ों रुपए के व्यापार की उम्मीद है।
धनतेरस पर बीकानेर के कोटगेट, केईएम रोड, सट्टा बाजार, स्टेशन रोड और कोयला गली जैसे प्रमुख बाजारों में सुबह से ही भीड़ उमड़ने लगी। ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक और वाहन शोरूम पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी गईं। दुकानदारों ने खास ऑफर और फेस्टिव डिस्काउंट देकर ग्राहकों को आकर्षित किया है।
त्योहारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने शहर के मुख्य बाजारों को नो एंट्री जोन घोषित किया है। कोटगेट, केईएम रोड, सट्टा बाजार, स्टेशन रोड और प्रेमजी प्वाइंट तक बिना पास के कोई वाहन प्रवेश नहीं कर सकेगा। वाहन चालकों की सुविधा के लिए रतन बिहारी पार्क, अग्रसेन सर्किल, रेलवे स्टेशन रोड, सार्दुल सर्किल से हेड पोस्ट ऑफिस रोड और अणचाबाई अस्पताल के पास अस्थायी पार्किंग व्यवस्था की गई है। और साथ ही, भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। 450 पुलिसकर्मियों की टीम को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। इनमें सिविल वर्दी में जवान भी शामिल हैं जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे।















