Bikaner News Today
बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ की इंदिरा गांधी नहर में कार गिरने के दर्दनाक हादसे में एक हैरान करने वाली हकीकत सामने आई है। कार में सवार दो युवकों में से एक तो किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल आया, लेकिन उसने हादसे की जानकारी किसी को नहीं दी! जबकि दूसरा युवक लापता है, जिसकी तलाश शुक्रवार सुबह से जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
गुरुवार दोपहर छत्तरगढ़ की मुख्य शाखा आरडी 647 में एक कार अचानक बैलेंस बिगड़ने से नहर में जा गिरी। कार चला रहा था सुनील पुत्र संपतलाल मेघवाल (निवासी घट्टू नोखा)। साथ में था तुलछाराम उर्फ लक्ष्मण पुत्र श्रवणराम मेघवाल (निवासी घट्ट कोलायत)। हादसे में तुलछाराम कार से बाहर नहीं निकल सका और नहर में डूब गया।
सुनील किसी तरह कार से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, मगर उसने न तो पुलिस को और न ही किसी गांववालों को हादसे की खबर दी। आखिर क्यों? डर या कुछ और? पुलिस ने उसे थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय ग्रामीण, छत्तरगढ़ पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मिलकर शुक्रवार सुबह से कार और लापता युवक की तलाश शुरू कर दी। खास बात रही कि गांव के इदरीश रज़ा, इस्माइल, इरफान रोशन और इकबाल खान जैसे लोकल गोताखोरों ने करीब तीन घंटे तक नहर में उतरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार कार तो मिल गई, मगर युवक की तलाश अब भी जारी है।
सच्चाई सामने लाने में जुटी पुलिस
पुलिस सुनील से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। ग्रामीणों और एसडीआरएफ की मदद से लापता युवक की तलाश भी जारी है।














