Bikaner News Today
बीकानेर के कुचिलपुरा मोहल्ले में नशे का अवैध धंधा फिर से पनपने लगा है। जिससे इलाके के आमजन, विशेषकर महिलाएं और युवा वर्ग, भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हो गया है। क्षेत्रवासियों ने इस गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाना सदर प्रभारी को एक लिखित ज्ञापन सौंपा है।
मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया है कि महिला मंडल स्कूल के आसपास कुछ घरों में स्मैक, एमडी, डोडा पोस्त और सिंथेटिक गांजा जैसे खतरनाक नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इस नेटवर्क में स्थानीय महिलाएं भी शामिल हैं, जो इलाके के युवाओं को नशे की गर्त में ढकेल रही हैं। ज्ञापन में कहा गया कि कुछ समय पहले 112 नंबर पर सूचना देने के बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ जब्त किए थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण अब वही गिरोह दोबारा सक्रिय हो गया है। इससे मोहल्ले का सामाजिक वातावरण पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है।
मोहल्लेवासियों की प्रमुख मांगें:
- नशा बेचने वालों की पहचान कर एफआईआर दर्ज की जाए और तत्काल गिरफ्तारी हो।
- क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी सुनिश्चित की जाए।
- नारकोटिक्स विभाग द्वारा विशेष जांच करवाई जाए।
- महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं।
- दोषियों को कानूनी सज़ा देकर मिसाल कायम की जाए।
स्थानीय निवासियों ने साफ़ कहा है कि अगर पुलिस प्रशासन जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाता, तो वे जन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।















