⚪ Bikaner News Today
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के सख्त निर्देशों के बाद एक बार फिर नकली बायोडीजल के गोरखधंधे का खुलासा हुआ है। नोखा क्षेत्र के रासीसर गांव स्थित एक प्राइवेट स्कूल परिसर में संदिग्ध पिकअप गाड़ी मिलने से हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार मंत्री मीणा को सूचना मिली थी कि स्कूल परिसर में बायोडीजल के नाम पर इंडस्ट्रियल ऑयल तैयार और बेचा जा रहा है। उन्होंने देर रात ही संभागीय आयुक्त को फोन कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नोखा थाना प्रभारी अरविंद भारद्वाज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान स्कूल परिसर में एक पिकअप वाहन में ऑयल से भरे ड्रम मिले, जिन पर नकली बायोडीजल होने का अंदेशा जताया गया। चूंकि इस मामले में कार्रवाई का अधिकार ईसी एक्ट के तहत डीएसओ और सीओ स्तर के अधिकारियों के पास है, इसलिए पुलिस ने इसकी जानकारी एएसपी कैलाश सिंह सांधू को दी। अब डीएसओ और सीओ के निर्देशन में वाहन जब्त कर सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासन और पुलिस दोनों ही एक्टिव मोड में हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में नकली बायोडीजल का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे पर्यावरण और वाहनों दोनों को नुकसान पहुंच रहा है।














