🔴 Bikaner Accident News
बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां सड़क पर खड़े गौवंश को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में पांच गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गौवंश गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा सहजरासर गांव के पास बीकानेर-हरिद्वार मार्ग पर सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। ग्रामीण भिराज राम जाखड़ के अनुसार, सड़क पर खड़े करीब आधा दर्जन गौवंश को बस ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांच गौवंश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कालू थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घना कोहरा और तेज गति हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि कोहरे के समय भारी वाहनों की गति पर सख्त नियंत्रण, चेतावनी संकेतक और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। घायल गौवंश का उपचार जारी है, वहीं पुलिस फरार बस चालक की तलाश में जुटी हुई है।
— बीकानेर से शिव तवनिया की रिपोर्ट















