🟢 Bikaner News Today
बीकानेर शहर के करणी नगर क्षेत्र में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब होटल करणी भवन पैलेस के पास रहने वाली जर्मनी रिटर्न डॉक्टर मोनिका भोजवानी के घर से तेज बदबू आने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर डॉ. मोनिका का शव बरामद हुआ।
मकान अंदर से बंद था और पड़ोसियों ने बताया कि डॉ. मोनिका पिछले तीन साल से एकांतवास में रह रही थीं तथा कई दिनों से उन्हें बाहर नहीं देखा गया था।
सूचना पर सीओ सदर अनुष्का कालिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, ताकि मौके से साक्ष्य एकत्रित किए जा सकें और मौत के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से पता लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि मृतका के भाई डॉ. संजय भोजवानी, जो वर्तमान में जर्मनी में रहते हैं, को घटना की सूचना दे दी गई है और वे कल फ्लाइट से बीकानेर के लिए रवाना होंगे।
फिलहाल पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है, वहीं करणी नगर क्षेत्र में इस घटना को लेकर भारी भीड़ और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि मौत स्वाभाविक थी या संदिग्ध परिस्थितियों में हुई।














