⚪ Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के गोडू गांव में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात हुई। गांव के प्राचीन निज हनुमानजी एवं गुरु जम्भेश्वर भगवान के मंदिर में हथियारबंद चोरों ने हमला कर 17 चांदी के छत्र और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इस दौरान हमलावरों ने मंदिर में तोड़फोड़ भी की और विरोध करने पर ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गोडू गांव के पश्चिमी हिस्से में स्थित यह प्राचीन मंदिर गांव की स्थापना के समय से ही श्रद्धा का केंद्र रहा है। हर साल यहां धार्मिक आयोजन और कथा का आयोजन होता है। विधायक और सरपंच कोटे से इस मंदिर के लिए करोड़ों रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है, साथ ही भक्तों द्वारा भी करोड़ों का दान दिया गया है।
मगनाराम ने बताया कि, पिछले कुछ महीनों से गांव की मंदिर संपत्ति पर एक फर्जी डिग्रीधारी वकील की नजर थी। उसने गांव के ही एक परिवार को बहकाकर मंदिर संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची। बताया जा रहा है कि इस परिवार ने मंदिर में भगवान की तस्वीर की जगह अपनी दादी की मूर्ति रख दी थी, ताकि मंदिर की संपत्ति पर दावा किया जा सके। जब यह बात गांववालों को पता चली तो सभी ने मिलकर परिवार को समझाया, और उन्होंने गलती स्वीकार भी की।
हालांकि, कुछ समय बाद वही परिवार — जिनमें गोपीराम, महीराम, ओमप्रकाश साऊ और उनके पुत्र शामिल हैं — अपने वकील राजेंद्र धायल के साथ दोबारा मंदिर पहुंचे और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जे की कोशिश की। पुजारी ने इसकी सूचना गांववालों को दी, तो कुछ लोग मौके पर पहुंचे। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया, जिसमें अनोपाराम और बुधराम धायल गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान बुधराम की जेब से 50,000 रुपये भी लूट लिए गए। इसके बाद हमलावर मंदिर से 17 चांदी के छत्र लेकर फरार हो गए। राजेंद्र धायल वकील भी मौके से भाग निकला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल बुधराम बिश्नोई ने बज्जू थाने में गोपीराम, ओमप्रकाश, महीराम और वकील राजेंद्र धायल के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस ने गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 307, 305, 115(2), 126(2), 189(2) सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जांच उप निरीक्षक मनीराम को सौंपी गई है। बता दे, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर क्रॉस मुकदमे भी दर्ज कराए हैं।














