🟡 Bikaner Crime News
खुशियों के मौके पर जब पूरा परिवार जश्न में शामिल था, तभी पीछे से उनके घर में मातम छा गया। बान्द्रा बास क्षेत्र में चोरों ने मौका पाकर लाखों रुपए की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। मामला कोटगेट थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित रवि सुंगत ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
जानकारी के अनुसार घटना 13 अक्टूबर की रात की है। रवि सुंगत पेशे से ड्राइवर हैं और उस रात घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी पत्नी और बच्चे भांजे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने बाहर गए थे। जब देर रात परिवार वापस लौटा, तो घर के दरवाजे टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित ने बताया कि, चोर घर से 2 लाख 30 हजार रुपए नकद, पांच सोने के नाक के लोंगे, एक सोने की अंगूठी, दो चांदी की पायजेब, 30 भरी व 20 भरी चांदी के गहने और एक चांदी का कड़ा चोरी कर ले गए। कुल मिलाकर चोरी की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। सूचना मिलने पर कोटगेट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके।














