Bikaner News Today
बीकानेर जिले के खाजूवाला क्षेत्र से दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। चक 8 केजेड़ी (बी) स्थित एक ईंट-भट्टे पर पानी की डिग्गी में डूबने से दो सगे मासूम भाईयों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चे मूल रूप से नागौर जिले के रहने वाले थे और अपने माता-पिता के साथ रोज़गार के लिए यहां आए हुए थे। परिजन ईंट-भट्टे पर मजदूरी करते हैं।
जानकारी के अनुसार, गोविंद राम मेघवाल का परिवार गुरुवार शाम ईंट भराई का काम कर रहा था। उसी दौरान उनके दोनों बेटे—राहुल (7) और दीपक (4)—पास ही खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों का पैर फिसला और वे ईंट-भट्टे पर बनी पानी की डिग्गी में गिर गए। गहराई ज्यादा होने के कारण दोनों डूब गए।
परिजनों ने बच्चों की तलाश की तो उनके शव डिग्गी में तैरते मिले। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है। इस दर्दनाक घटना से इलाके में गम का माहौल है।















