Bikaner Road Accident News
बीकानेर जिले में सोमवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा सेरूणा थाना क्षेत्र के कोटासर-दुसारणा मार्ग पर हुआ, जबकि दूसरा हादसा श्रीडूंगरगढ़ की धोलिया रोड पर घटित हुआ।
पहला हादसा
सोमवार सुबह करीब 10 बजे कोटासर निवासी सुनील मेघवाल (19) पुत्र मदनलाल मेघवाल अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर दुसारणा गांव की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक एक गाय सामने आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। गंभीर रूप से घायल सुनील को तुरंत पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
दूसरा हादसा
दूसरी घटना श्रीडूंगरगढ़ के मोमासर बास निवासी मालचंद प्रजापत (60) पुत्र मूलाराम प्रजापत के साथ घटी। वह सोमवार सुबह करीब 7:50 बजे मोटरसाइकिल से धोलिया गांव चेजा-भाटा का कार्य करने जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल मालचंद को उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और पारिवारिक सदस्य अस्पताल पहुंचे। मृतक के पुत्र पवन प्रजापत की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।














