🟢 Bikaner News Today
बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मलकीसर हैड के पास एक कार अनियंत्रित होकर कंवर सेन लिफ्ट नहर में जा गिरी। हादसे में कार सवार साहबराम (निवासी पीपेरा) की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसका साथी नरेंद्र जाट किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साहबराम अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से उसका परिचित नरेंद्र जाट अपनी कार लेकर आया और उसे साथ बैठा लिया। बताया जा रहा है कि नरेंद्र ने तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाई, जिससे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा। हादसा इतना तेज था कि कुछ ही पलों में कार पानी में समा गई।
राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर नरेंद्र को किसी तरह बाहर निकाला, लेकिन साहबराम गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर बज्जू पुलिस और SDRF टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां परिजनों को सौंप दिया गया।














