🟢 Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के नापासर क्षेत्र में एक बार फिर शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 32 वर्षीय महिला ने अपने पति के साथ मारपीट और स्वयं के साथ अभद्रता तथा लूट का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने नापासर पुलिस थाने में ओमसिंह, करणीसिंह, मानड़सिंह, नेनूसिंह, रतनसिंह और मांगी देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।
घटना 17 नवंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है। रिपोर्ट में उल्लेख है कि आरोपियों ने पहले पीड़िता के पति के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। हद तो तब हो गई जब झगड़े के दौरान आरोपियों ने महिला के साथ अभद्र हरकतें करते हुए उसकी लज्जा भंग की और उसके पास रखे 10,000 रुपये भी छीनकर फरार हो गए।
प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। इलाके में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है, वहीं पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है। पुलिस आरोपियों की भूमिका की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की बात कही है।















