🟢 Bikaner News Today
बीकानेर जिले के श्रीकोलायत तहसील के मियाकौर गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गांव में अचानक हाई वोल्टेज करंट फैल जाने से रूधनाथ सिंह पुत्र सोहन सिंह (निवासी मियाकौर) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में आसपास के कई घरों के फ्रिज, टीवी और पंखे जैसे विद्युत उपकरण जलकर नष्ट हो गए, जिससे गांव में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे बिजली लाइन में ओवरलोड या शॉर्ट सर्किट के कारण वोल्टेज अचानक बढ़ गया। इसी दौरान जब रूधनाथ सिंह ने पानी पीने के लिए फ्रिज का दरवाजा खोला, तो उन्हें तेज करंट लगा और वे वहीं गिर पड़े। परिजन तुरंत उन्हें कोलायत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद लाइन की मरम्मत नहीं की जाती। इस हादसे से पूरे गांव में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।
मृतक के भाई पपुसिंह पुत्र सोहन सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।















