Bikaner Crime News
बीकानेर शहर के कोठारी हॉस्पिटल स्टैंड के पास एक युवक पर जानलेवा हमला कर नकदी लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सादुलगंज स्थित पंचशती सर्किल निवासी कैलाश बिश्नोई ने नयाशहर थाना पुलिस में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पीड़ित के अनुसार, वह 18 मई की रात कोठारी स्टैंड के पास मौजूद था, तभी करीब 10 अज्ञात युवक शराब के नशे में वहां पहुंचे और उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में कैलाश के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसे आठ से नौ टांके लगाने पड़े।
कैलाश ने बताया कि उसकी जेब में इंश्योरेंस के 29,800 रुपये और मेंटीनेंस से संबंधित अन्य नकदी थी, जिसे हमलावर छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। नयाशहर थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।














