Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के नाल इलाके में देर रात बड़ा घटनाक्रम सामने आया। तय समय पर शराब ठेका बंद करना ठेका संचालक को भारी पड़ गया। देर रात शराब लेने पहुंचे एक युवक ने जब शराब नहीं मिलने पर गुस्से में पेट्रोल छिड़ककर ठेके में आग लगा दी। इस घटना की पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
ठेका संचालक सुमित निर्वाण ने इस मामले में सांवरा भाट पुत्र भगताराम व एक अन्य युवक के खिलाफ नाल थाने में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार बुधवार रात ठेके को कानूनी समय पर बंद किया गया था। शराब मांगने पर मना किए जाने से नाराज युवक ने आधी रात को आकर शटर पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी, जिससे शटर सहित अन्य सामान जलकर खाक हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि राजस्थान में शाम 8 बजे के बाद शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग लगातार अभियान चलाते रहे हैं, बावजूद इसके कई बार शराब के नियम कागजों तक ही सिमटे रहते हैं।














