Bikaner News
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा वर्ष 2025 में आयोजित अधिशासी अधिकारी (EO) एवं राजस्व अधिकारी (RO) की संयुक्त भर्ती परीक्षा में बीकानेर की दो होनहार बेटियों ने अभूतपूर्व सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।

उदयारामसर निवासी प्रतिभा शर्मा ने EO पद पर 12वीं रैंक प्राप्त कर टॉप मेरिट में जगह बनाई है, वहीं भीनासर की प्रगति सोलंकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 57वीं रैंक प्राप्त की। दोनों ही चयनित अभ्यर्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रविवार को सैनी प्रतिभा प्रोत्साहन संस्थान बीकानेर एवं तहसीलदार कपिल चौधरी की ओर से सम्मानित किया गया।

परिवार और समाज में खुशी की लहर
ईओ-आरओ की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में बीकानेर जिले से दो बेटियों का चयन होने पर उनके परिवार, गुरुओं और सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर है। यह सफलता न केवल बेटियों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है, बल्कि बीकानेर की शिक्षा व्यवस्था की मजबूती को भी दर्शाता है।
प्रगति सोलंकी ने साझा किया अनुभव
चयनित अभ्यर्थी प्रगति सोलंकी ने बताया कि EO एवं RO की संयुक्त परीक्षा में अलग-अलग वर्गों में कुल 111 पदों पर चयन हुआ है। बीकानेर से दो अभ्यर्थियों का चयन होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने यह सफलता नियमित अध्ययन, मजबूत रणनीति और परिवार के सहयोग को समर्पित की।














