Head Constable Kanaram Jakhar
बीकानेर जिले के नापासर कस्बे का नाम एक बार फिर गर्व से ऊँचा हुआ है। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2025 पर नापासर के हेड कांस्टेबल कानाराम जाखड़ (पुलिस काउंसलिंग एवं सहायता केंद्र, जिला बीकानेर) को राष्ट्रपति द्वारा पुलिस विभाग का सर्वोच्च सम्मान ‘पुलिस पदक’ प्रदान किए जाने की घोषणा हुई है।
इस सम्मान के जरिए न सिर्फ पुलिस सेवा में उनके उत्कृष्ट योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है, बल्कि पूरे बीकानेर जिले और राजस्थान पुलिस का मान भी बढ़ा है। राजस्थान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा ने कानाराम जाखड़ को पत्र लिखकर बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को समर्पण, अनुशासन और ईमानदारी से कर्तव्य निभाने का संदेश देती है।
नापासर जैसे छोटे कस्बे से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। कानाराम जाखड़ की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि ईमानदारी, कड़ी मेहनत और जनता की सेवा के जज़्बे से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।














