Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • बीकानेर में ठगी का नया हथकंडा, पुराने नोट के बदले लाखों का लालच…
Image

बीकानेर में ठगी का नया हथकंडा, पुराने नोट के बदले लाखों का लालच…

Bikaner Cyber Crime

बीकानेर जिले में साइबर ठग लगातार नए-नए पैंतरे आजमा रहे हैं। जब तक लोग एक तरीके से सतर्क होते हैं, ठग एक नया जाल बिछा देते हैं। ताज़ा मामला गंगाशहर थाना क्षेत्र का है, जहां “5 रुपए का पुराना ट्रैक्टर वाला नोट दो और 21 लाख रुपए पाओ” जैसे लालच ने एक व्यक्ति को ठगी का शिकार बना दिया।

रामस्वरूप नामक पीड़ित ने बताया कि, उसकी एक रिश्तेदार पीबीएम अस्पताल में भर्ती है। शुक्रवार को वह फेसबुक स्क्रॉल कर रहा था, तभी एक वीडियो सामने आया जिसमें दावा किया गया कि ट्रैक्टर वाला पुराना 5 रुपए का नोट देने पर तुरंत 10–11 लाख रुपए मिलेंगे। लालच में आए रामस्वरूप ने वीडियो में दिए नंबर पर संपर्क किया। शनिवार रात एक कॉल आया—कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई का एजेंट बताते हुए कहा कि 5 रुपए का पुराना नोट देने पर 21 लाख रुपए सीधे घर भेजे जाएंगे। ठग ने प्रोसेस शुरू करने के नाम पर 5 रुपए भेजने के लिए QR कोड भेजा। इसके बाद कहा गया कि गाड़ी रुपए लेकर रवाना हो चुकी है। अगली सुबह फिर कॉल आया—“गाड़ी लोकेशन से आउट है, उसे ट्रैक करने के लिए 7,500 रुपए भेजने होंगे।” रामस्वरूप ने फिर पैसे भेज दिए, लेकिन इसके बाद एजेंट बने ठग ने मोबाइल नंबर बंद कर दिया।

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार ग्रामीण इलाकों में इस तरह की ठगी तेजी से बढ़ रही है। पुरानी मुद्रा, सिक्के या नोट के बदले मोटी रकम देने का लालच देकर लोग शिकार बनाए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि RBI की अनुमति के बिना कोई भी नोट या सिक्का करोड़ों में नहीं बिकता।

क्या करें और क्या न करें — बचाव के उपाय

  • ऐसे किसी भी वीडियो या पोस्ट पर तुरंत भरोसा न करें।
  • अनजान नंबरों या QR कोड पर पैसे न भेजें।
  • किसी भी लालच या इनाम वाले कॉल को तुरंत ब्लॉक करें।
  • ठगी का शिकार होने पर 1945 साइबर हेल्पलाइन पर तुरंत शिकायत दर्ज करवाएं।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *