🟡 Women empowerment in Rajasthan
महिला सशक्तिकरण और अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह कामकाजी महिला छात्रावास, बीकानेर में महिला एवं बालिका कल्याण दिवस के अवसर पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी की शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़, विधिक सहायता प्रकोष्ठ के के. मनोज सुरोलिया और युवा भारत संस्थान की संचालिका इंदु पांडेय द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

🔹 महिलाओं के अधिकारों पर दी जानकारी
संगोष्ठी में विधिक सेवा प्राधिकरण के के. मनोज सुरोलिया ने महिलाओं और बालिकाओं के अधिकारों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। किसी भी परेशानी की स्थिति में 15100 हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने कहा — “महिलाओं को अपनी बात निर्भीकता से रखनी चाहिए और किसी भी अन्याय या उत्पीड़न को छिपाना नहीं चाहिए।”
🔹 योजनाओं से सशक्त बन रही हैं महिलाएं
मुख्य अतिथि सुमन छाजेड़ ने राजस्थान सरकार व सामाजिक न्याय विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं जैसे जन धन योजना, श्रमिक कार्ड योजना, उज्ज्वला योजना आदि की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि — “जब तक महिला शिक्षित और आत्मनिर्भर नहीं होगी, तब तक देश सशक्त नहीं हो सकता। कामकाजी महिला छात्रावास जैसी योजनाएं महिलाओं के लिए वरदान हैं।”

🔹 पुनर्वास गृह से 75 महिलाओं को लाभ
युवा भारत संस्थान एवं मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह की संचालिका इंदु पांडेय ने बताया कि गृह में 75 महिलाओं के लिए रहने की सुविधा है, जहां आवास, बिजली और पानी पूरी तरह निःशुल्क हैं।
उन्होंने कहा कि बी.एड., जी.एन.एम., बी.टेक जैसी पढ़ाई कर रहीं छात्राएं यहां रह सकती हैं, जिससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को विशेष लाभ मिलता है।
🔹 प्रतिभागियों ने साझा किए विचार
कार्यक्रम में जसविंदर कौर, रानी, सुमन, अमरजीत कौर, नीतू, पूजा, सुमन, आरुषि और रोशनी ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र कुमावत और गोपाल पवार ने किया, जबकि हरिकांत शर्मा की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
अंत में संस्था सचिव दिनेश पांडेय ने सभी का आभार व्यक्त किया।















