Rajasthan BJP leader road accident
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा के वरिष्ठ नेता महीपाल सिंह शेखावत (उम्र 56 वर्ष) की मौत हो गई। यह हादसा तिलोका का बास के पास उस समय हुआ। जब शेखावत अपनी कार से महनसर से लौटते हुए झुंझुनूं रोड पर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की लोक परिवहन बस से जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
हादसे के पीछे पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्माणाधीन सड़क और बिखरे मलबे को जिम्मेदार बताया जा रहा है। सड़क पर गहरे गड्ढों और मिट्टी के ढेर के चलते शेखावत की कार असंतुलित होकर सामने से आ रही बस से टकरा गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिसे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से बुझाया। ग्रामीणों की मदद से भाजपा नेता को कार से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। शव को बिसाऊ के राजकीय जटिया अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बता दे, बस में सवार यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और भाजपा कार्यकर्ताओं सहित आमजन ने शेखावत की मौत को बड़ी राजनीतिक व सामाजिक क्षति बताया है।














