Rajasthan Crime News
अजमेर ज़िले के श्रीनगर क्षेत्र में सोमवार रात एक बड़ी वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया। भाजपा नेता और पंचायत समिति के पूर्व सदस्य गंगाराम रावत का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि यह साफ़ तौर पर हत्या का मामला है। गुस्साए लोगों ने जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार कर दिया। इससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।
मृतक के भाई सेतु सिंह ने बताया कि गंगाराम सोमवार शाम 6 बजे श्रीनगर में किसी से पैसे लेने गए थे। देर रात तक घर न लौटने पर पत्नी ने फ़ोन किया, जिस पर उनकी आख़िरी बार बात हुई। इसके कुछ घंटे बाद बेटे हंसराज को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि नौलखा क्षेत्र में एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें तुरंत जेएलएन अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि गंगाराम रावत लंबे समय से भाजपा से जुड़े थे और पंचायत समिति के पूर्व सदस्य भी रह चुके थे। घटना से क्षेत्रीय राजनीति में भी हलचल मच गई है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।


















