🟡 BJP MP car fire on Highway

राजस्थान के जालोर-सिरोही से भाजपा सांसद लुंबाराम चौधरी की लग्जरी रेंज रोवर कार में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई। यह हादसा नासिक–मुंबई हाईवे पर गोंडे फाटा इलाके के पास करीब रात 12 बजे हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि सांसद समेत कार में सवार सभी चार लोग समय रहते बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सदन की कार्यवाही के बाद सांसद मुंबई पहुंचे थे और वहां से एक मित्र के साथ त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। नासिक से करीब 40 किलोमीटर पहले कार से जलने की गंध आने लगी। थोड़ी ही देर में धुआं उठता देख सांसद ने ड्राइवर अनिल जाधव को सतर्क किया। ड्राइवर ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया।
कार में कुल चार लोग सवार थे। सभी के नीचे उतरते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते महंगी कार धू-धू कर जलने लगी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
















