🔴 BJP Bikaner News
बीकानेर शहर में वर्षों से चली आ रही क्षतिग्रस्त सड़कों और लगातार होने वाली जलभराव की समस्या एक बार फिर चर्चा में है। वेटरनरी हॉस्पिटल के सामने टूटी हुई सड़क के कारण समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाई एक गर्भवती महिला को सड़क पर ही प्रसव करना पड़ा। इस संवेदनशील घटना ने आम जनता के साथ-साथ भाजपा पदाधिकारियों में भी भारी आक्रोश पैदा किया है।
इसी मुद्दे को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल आज सार्वजनिक निर्माण विभाग पहुँचा। विभाग के चीफ की अनुपस्थिति में XEN सुभाष स्वामी और AEN विक्रम विश्नोई से मुलाकात कर बीकानेर में स्वीकृत सड़कों के निर्माण को तुरंत प्रभाव से शुरू करने की मांग की गई।
भाजपा के पूर्व महामंत्री मोहन सुराना ने स्पष्ट कहा कि नई सीसी रोड का निर्माण केवल पुरानी सड़क को पूरी तरह खोदकर ही किया जाए, ताकि सड़क ऊँची होने से मोहल्लों और गलियों में जलभराव की समस्या न बढ़े। उन्होंने गंगाशहर क्षेत्र की स्वीकृत सड़कों को जल्द बनाने की मांग रखी, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष भगवान सिंह ने भुट्टो चौराहे से तीर्थम रोड को बीकानेर की मुख्य सड़कों में से एक बताते हुए कहा कि इस सड़क को तत्काल बनाया जाना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की मनमानी से जनता परेशान है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा पदाधिकारी आंदोलन के लिए तैयार हैं।
युवा मोर्चा अध्यक्ष वेद व्यास ने कहा कि सड़क निर्माण में लापरवाही के कारण ट्रॉमा सेंटर में रोजाना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विभाग को समय पर कार्य पूरा करने के साथ-साथ सड़क के लेवल का संतुलन भी बनाए रखना होगा, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
इस दौरान भाजपा नेता विजय उपाध्याय, विक्रम सिंह राजपुरोहित, भव्य दत्त भाटी, और विमल पारीक भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने विभाग को चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण कार्यों को जल्द गति नहीं दी गई, तो भाजपा कार्यकर्ता बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।















