RASHTRADEEP NEWS
बीजेपी और कांग्रेस के बीच पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद तीखी नोकझोंक जारी है। अब बीजेपी ने राहुल गांधी के वियतनाम दौरे पर सवाल उठाए हैं। जबकि कांग्रेस ने सरकार पर मनमोहन सिंह का अपमान करने का आरोप लगाया है। यह विवाद मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के स्थान और राहुल गांधी की नए साल के मौके पर विदेश यात्रा को लेकर शुरू हुआ।
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पूरा देश पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहा है, तब राहुल गांधी नए साल का जश्न मनाने विदेश गए हैं। कांग्रेस को डॉ. मनमोहन सिंह की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने उनके जीवनकाल में उनका अपमान किया। अब भी कर रहे हैं। कल कोई भी उनकी अस्थियां लेने नहीं गया। कांग्रेस ने डॉ. मनमोहन सिंह को भारत रत्न देने से भी इनकार कर दिया। यही उनका असली चेहरा है। राहुल गांधी पर्यटन का नेता है। मुंबई में 26/11 का हमला हुआ था, तब भी राहुल गांधी पूरी रात पार्टी कर रहे थे। उन्हें डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की कोई चिंता नहीं है। उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर केवल सियासत करनी है।
इस मामले में कांग्रेस ने सफाई देते हुए कहा कि पार्टी के नेता अस्थि विसर्जन के दौरान परिवार के साथ इसलिए नहीं गए क्योंकि वे शोक संतप्त परिवार को प्राइवेसी देना चाहते थे।