Bikaner Breaking
  • Home
  • Rajasthan
  • राजस्थान में खूनी गैंगवार, कार में फायरिंग खेत में मिला हिस्ट्रीशीटर का शव…
Image

राजस्थान में खूनी गैंगवार, कार में फायरिंग खेत में मिला हिस्ट्रीशीटर का शव…

Rajasthan Crime News

झुंझुनूं जिले के खिरोड़ थाना क्षेत्र स्थित कैमरी की ढाणी में शुक्रवार को हुई सनसनीखेज गैंगवार ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात में एक हिस्ट्रीशीटर सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई बदमाशों की धरपकड़ से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, यह खूनी संघर्ष आपसी रंजिश का नतीजा बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान ढाका की ढाणी निवासी सुनील सुंडा और सीकर जिले के राणोली थाना क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत उर्फ गोलू स्वामी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय गोठड़ा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा कैमरी की ढाणी में अपने घर के बाहर कार में बैठा था। उसके साथ सुनील सुंडा भी मौजूद था। इसी दौरान बिना नंबर की कार में सवार होकर चार बदमाश मौके पर पहुंचे और रविंद्र कटेवा पर फायरिंग शुरू कर दी। रविंद्र ने झुककर जान बचा ली, लेकिन बदमाश भागने लगे।भागते समय बदमाशों की कार का स्टीयरिंग सुनील सुंडा ने पकड़ लिया। इसी दौरान हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल सुनील को अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

फायरिंग के बाद बदमाशों की कार करीब दो किलोमीटर आगे कच्चे रास्ते में फंस गई। वहां से तीन बदमाश पैदल ही फरार होने लगे। ग्रामीणों और रविंद्र कटेवा के साथियों ने पीछा कर रणवां की ढाणी के एक खेत में उन्हें घेर लिया। ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

तीसरे बदमाश, कुख्यात हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत उर्फ गोलू स्वामी का शव खेत में पड़ा मिला। उसके सिर में गोली लगी हुई थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसने खुद को गोली मारी या गैंगवार के दौरान उसे गोली लगी।

घटना की सूचना मिलते ही खिरोड़, गोठड़ा और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस आपसी रंजिश, गैंगवार और हथियारों के स्रोत को लेकर गहन जांच में जुटी हुई है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *