⚪ Rajasthan Collectorate Bomb Threat
प्रदेशभर में लगातार मिल रही बम से उड़ाने की धमकियों ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बीकानेर संभाग के हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए कलेक्ट्रेट परिसर को खाली करवा लिया।
धमकी मिलते ही बम स्क्वॉड और पुलिस बल मौके पर पहुंचा, वहीं एहतियातन कलेक्ट्रेट के पास स्थित जिला न्यायालय परिसर को भी खाली कराया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र कलेक्ट्रेट के सभी गेटों पर पुलिस तैनात कर दी गई है और किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
परिसर में दमकल विभाग की कई गाड़ियां भी पहुंच चुकी हैं। बम निरोधक दस्ता पूरे क्षेत्र की गहन तलाशी ले रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरी तरह जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।
लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के चलते आमजन में भी भय का माहौल है, वहीं सुरक्षा एजेंसियां हर सूचना को गंभीरता से लेकर जांच में जुटी हुई हैं। फिलहाल स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जांच के बाद ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
















