Rajasthan SI Bharti 2021 Cancelled
राजस्थान पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती 2021 को लेकर चल रहे विवाद पर हाईकोर्ट ने आज ऐतिहासिक फैसला सुनाया। जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने भर्ती को रद्द करने का आदेश जारी किया। 859 पदों पर आयोजित इस भर्ती परीक्षा में पेपर लीक कांड उजागर होने के बाद कई ट्रेनी एसआई पकड़े गए थे। लगभग एक साल पहले दायर हुई याचिकाओं पर 14 अगस्त को बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था, जो अब सुनाया गया।
सरकार और अभ्यर्थियों की दलीलें
- सरकार ने कोर्ट में कहा था कि पूरे मामले में केवल 68 उम्मीदवार ही शामिल पाए गए हैं – जिनमें 54 ट्रेनी एसआई, 6 चयनित उम्मीदवार और 8 फरार आरोपी थे।
- सरकार का तर्क था कि सही और गलत उम्मीदवारों को अलग करना संभव है, इसलिए पूरी भर्ती रद्द नहीं की जानी चाहिए।
- वहीं चयनित अभ्यर्थियों ने कोर्ट में कहा कि उन्होंने ईमानदारी से परीक्षा दी है, कई उम्मीदवारों ने तो अन्य सरकारी सेवाओं से इस्तीफा देकर भर्ती दी थी। ऐसे में भर्ती रद्द करना उनके साथ अन्याय होगा।
लंबी सुनवाई के बाद कोर्ट ने सरकार और चयनित उम्मीदवारों की दलीलें खारिज कर दीं और पूरे चयन को ही रद्द कर दिया। अब इस फैसले के बाद राजस्थान पुलिस में एसआई भर्ती को लेकर नया अध्याय शुरू होगा। सरकार को अगली प्रक्रिया तय करनी होगी, वहीं हजारों उम्मीदवारों की उम्मीदें एक बार फिर अधर में लटक गई हैं।














