🟡 Disha Patani House Firing
बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले शूटरों का खौफनाक अंत हो गया है। यूपी STF ने बुधवार, 17 सितंबर को गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी इलाके में मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों को मार गिराया। मृतक बदमाशों की पहचान रविन्द्र (रोहतक, हरियाणा) और अरुण (सोनीपत, हरियाणा) के रूप में हुई है। STF की टीम ने मौके से ग्लॉक पिस्टल, जिगाना पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों शूटर कुख्यात रोहित गोदारा-गोल्डी बरार गैंग से जुड़े थे।
12 सितंबर की सुबह करीब 3:45 बजे बरेली के सिविल लाइंस इलाके में दिशा पाटनी के घर के बाहर बाइक सवार दो बदमाशों ने 8–10 राउंड फायरिंग की थी। गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन शहर में सनसनी फैल गई थी। दिशा पाटनी के पिता और रिटायर्ड DSP जगदीश सिंह पाटनी ने घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की थी। सीएम ने तत्काल सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों को पकड़ने के आदेश दिए थे।
पुलिस ने वारदात के बाद CCTV फुटेज, संदिग्ध रूट्स और क्राइम रिकॉर्ड खंगाले। जांच में सामने आया कि रविन्द्र और अरुण ही इस हमले के पीछे थे। STF ने इनका पीछा किया और गाजियाबाद में मुठभेड़ के दौरान दोनों ढेर हो गए।