Border Drug Smuggling
बीकानेर के खाजूवाला सेक्टर से सटे भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर पर एक बार फिर पाकिस्तानी तस्करों की नापाक साजिश नाकाम हो गई। सोमवार देर रात बीएसएफ (BSF) ने बंदरी पोस्ट के पास कीचड़ में छुपा 8.50 करोड़ रुपए की हेरोइन का पैकेट बरामद किया।
बीएसएफ डिप्टी कमांडेंट महेश कुमार जाट के अनुसार, इंटेलिजेंस इनपुट मिला था कि पाकिस्तानी तस्कर भारतीय सीमा में ड्रग्स की बड़ी खेप भेजने की कोशिश में हैं। 96वीं बटालियन और जी ब्रांच की संयुक्त सर्च टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की, जिसके दौरान पीले रंग का पैकेट बरामद हुआ। पैकेट को 6 परतों में सील किया गया था, जिसमें 1.655 किलो नशीला पदार्थ था। गौरतलब है कि इसी पोस्ट पर 2 साल पहले 300 करोड़ की हेरोइन पकड़ी गई थी। जो अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जाती है। तब से यहां सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
- सीएम भजनलाल शर्मा का 14 अगस्त को दौरा– बरामदगी वाली पोस्ट से आगे स्थित कोड़ेवाला पोस्ट पर 14 अगस्त को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीएसएफ जवानों से संवाद करेंगे। सीएम के दौरे को देखते हुए बीएसएफ और खाजूवाला पुलिस बीते दो दिनों से इलाके में सर्च अभियान तेज कर चुकी थी।
- सीमा पर जागरूकता अभियान भी जारी– पाकिस्तान की ओर से लगातार नशीली खेप भेजे जाने के बाद BSF सीमावर्ती गांवों में युवाओं को जागरूक कर रही है। ग्रामीणों को सिखाया जा रहा है कि संदिग्ध गतिविधियों पर कैसे नज़र रखी जाए, ताकि ऐसे मादक पदार्थ देश में प्रवेश न कर पाएं।














