Bikaner Breaking
  • Home
  • Rajasthan
  • बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई, खेत से करोड़ो की हेरोइन बरामद…
Image

बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई, खेत से करोड़ो की हेरोइन बरामद…

Rajasthan Crime News

अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क पर बीएसएफ ने एक और बड़ा प्रहार किया है। बीकानेर रेंज के श्रीगंगानगर जिले में शुक्रवार शाम श्रीकरणपुर सेक्टर के बॉर्डर क्षेत्र में खेत से करीब आधा किलो हेरोइन बरामद की गई है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बीएसएफ को 23-ए गांव के पास खेत में संदिग्ध पैकेट पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर जी ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। टीम ने खेत में पीले रंग का पैकेट बरामद किया, जिसमें से उच्च गुणवत्ता की हेरोइन पाई गई। बीएसएफ और पुलिस ने पूरा बॉर्डर इलाका सील कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि यह नशे का पैकेट सीमा पार से किस रास्ते गिराया गया था और इसे उठाने के लिए कौन भारतीय तस्कर सक्रिय थे।

ड्रोन के जरिए गिराए जा रहे हैं नशे के पैकेट

सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी ड्रग तस्कर अब ड्रोन के जरिए हेरोइन की तस्करी कर रहे हैं। ड्रोन की मदद से जीपीएस लोकेशन सेट करके भारतीय सीमा में नशे के पैकेट गिराए जाते हैं। भारतीय तस्कर बाद में इन पैकेट्स को उठाने की कोशिश करते हैं। बीएसएफ इन दिनों ऐसे ड्रोन मूवमेंट पर सख्त नजर बनाए हुए है और सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है।

बीएसएफ की सजगता से बची बड़ी वारदात

बीएसएफ के अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते यह पैकेट बरामद नहीं होता तो यह नशा नेटवर्क के जरिए देश के बड़े शहरों तक पहुंच सकता था। फिलहाल हेरोइन को जब्त कर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *