🟡 Rajasthan Today News
शिक्षा नगरी कोटा से एक और चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां NEET परीक्षा की तैयारी कर रही 19 वर्षीय छात्रा प्राची चौधरी शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपने हॉस्टल की 6वीं मंजिल से गिर गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई छात्रा को पहले मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल और बाद में एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
प्राची उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की रहने वाली है और पिछले दो साल से कोटा के बोरखेड़ा इलाके में स्थित रॉयल एलीना हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही थी। हॉस्टल इंचार्ज अमरप्रीत सिंह ने बताया कि हादसे के समय प्राची हॉस्टल के भीतर ही थी और अचानक वह नीचे गिर गई।
बोरखेड़ा थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में मामला सीढ़ियों से फिसलने का लग रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजनों को सूचित कर दिया गया, जो अब कोटा के लिए रवाना हो चुके हैं।
कोटा में हर साल हजारों छात्र-छात्राएं डॉक्टर और इंजीनियर बनने के सपने लेकर आते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
















