⚪ Rajasthan Accident News
नेशनल हाइवे-11 पर रतनगढ़ के टिडियासर टोल के पास शुक्रवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। रतनगढ़ (चूरू) निवासी ज्वेलर ओमप्रकाश सोनी अपनी कार से फतेहपुर (सीकर) की ओर जा रहे थे, जबकि दूसरी ओर से जयपुर से चूरू जा रही यात्री बस आ रही थी। इसी दौरान चार नंबर मोड़ के पास कार और बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में रखा सीएनजी सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और ज्वेलरी व्यवसायी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और जली हुई कार से शव को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे बंद रहा, जिसे बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर खोला गया।
















