Bikaner Breaking
  • Home
  • Politics
  • चूरू की सरदारशहर सीट पर उपचुनाव, 5 दिसंबर को वोटिंग
Image

चूरू की सरदारशहर सीट पर उपचुनाव, 5 दिसंबर को वोटिंग


कांग्रेस और भाजपा

निर्वाचन आयोग ने राजस्थान समेत देश के 5 राज्यों में खाली पड़ी 5 विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया है। प्रदेश में चूरू जिले की सरदारशहर सीट के लिए वोटिंग 5 दिसंबर को होगी जबकि हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव के साथ ही 8 दिसंबर को मतगणना की जाएगी।

उसी दिन रिजल्ट भी आ जाएगा। आयोग से जारी शेड्यूल के मुताबिक उड़ीसा, राजस्थान, बिहार, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की 5 विधानसभा सीटों, जबकि उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव कराए जाएंगे।

राजस्थान में चूरू जिले की सरदार शहर सीट पूर्व विधायक भंवर लाल शर्मा के निधन के बाद खाली हो गई थी। कांग्रेस के सिंबल पर जीतकर आए विधायक भंवर लाल शर्मा लम्बे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। इनका पिछले महीने 9 अक्टूबर को निधन हो गया था।

2018 के विधानसभा चुनाव में भंवरलाल 18816 वोटों से चुनाव जीते थे। उन्हें 95 हजार 282 वोट मिले थे जबकि उनसे हारने वाले बीजेपी उम्मीदवार अशोक पींचा को 78 हजार 466 वोट मिले थे। भवंरलाल शर्मा को 47 फीसदी और अशोक पींचा को 39 फीसदी वोट मिले थे।

शर्मा के बेटे को टिकट मिलना तय

पिछले उपचुनावों की तरह इस बार सरदारशहर में भी कांग्रेस सहानुभूति कार्ड चलेगी। भंवरलाल शर्मा के परिवार से टिकट मिलना तय माना जा रहा है। शर्मा के बेटे अनिल शर्मा को कांग्रेस मैदान में उतार सकती है। मौजूदा विधायकों के निधन के बाद कांग्रेस ने सभी जगह उनके परिवारों से ही टिकट दिए और सभी जगहों पर जीत हासिल की, इसलिए कांग्रेस यहां भी इस आजमाए हुए फाॅर्मूले पर ही चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *