RASHTRADEEP NEWS
राजस्थान में नवंबर माह में पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। उपचुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिन सीटों पर उपचुनाव होने हैं उनमें दौसा, देवली-उनियारा, झुंझुनूं, खींवसर, और चौरासी है। झुंझुनूं, देवली-उनियारा और दौसा में कांग्रेस का कब्जा था जबकि खींवसर में कांग्रेस गठबंधन के सहयोगी रालोपा और चौरासी में भारत आदिवासी पार्टी काबिज थी। उपचुनाव के आंकड़ों की बात करें तो कांग्रेस सत्ता में रहे या विपक्ष में उसका पलड़ा हमेशा भारी रहा है। पिछले 10 सालों में विधानसभा की 20 और लोकसभा की दो सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। दो लोकसभा सहित 14 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा ने चार, रालोपा ने एक और बीएपी ने एक सीट जीती।
पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के समय वर्ष 2019 से लेकर 2022 तक 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे जिनमें से 7 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। भाजपा ने राजसमंद और आरएलपी ने खींवसर सीट पर उपचुनाव जीता था। कांग्रेस ने 2018 में अजमेर और अलवर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। भाजपा के सत्ता में आने के बाद साल 2024 में श्रीकरणपुर सीट पर हुए उपचुनाव में भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर की मौत के चलते उस सीट पर उपचुनाव हुए थे। वहीं, हाल ही में बागीदौरा उपचुनाव में कांग्रेस गठबंधन की सहयोगी भारत आदिवासी पार्टी ने जीत दर्ज की है।