⚪ Rajasthan Crime News
सीकर जिले से एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है। कांग्रेस सेवादल के प्रदेश सचिव और खाटूश्यामजी सहकारी समिति के अध्यक्ष श्याम सुंदर पूनिया को गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से फिरौती मांगने की धमकी दी गई है। खास बात यह है कि पिछले डेढ़ महीने में यह दूसरी बार है जब विदेशी नंबरों से WhatsApp कॉल और मैसेज के जरिए उन्हें धमकाया गया है।
पूनिया ने बताया कि 19 नवंबर की शाम 6:41 बजे उन्हें विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया और फिरौती की मांग की। हालांकि रकम स्पष्ट नहीं बताई गई, लेकिन धमकी बेहद गंभीर थी। कॉल में जान से मारने की चेतावनी भी दी गई।
पहली धमकी के बाद पुलिस ने पूनिया को सुरक्षा मुहैया करवा दी थी। नई धमकी के बाद उन्होंने खाटूश्यामजी थाने में FIR दर्ज करवाई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या धमकी वास्तव में किसी कुख्यात गैंगस्टर ने दी है या फिर बदमाश उनके नाम का इस्तेमाल कर फेक कॉल कर रहे हैं। लगातार सरकारी जनप्रतिनिधियों और प्रभावशाली व्यक्तियों को विदेशी नंबरों से धमकी आने के मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। साइबर टीम कॉल की लोकेशन और पैटर्न जांचकर यह पता लगाने में जुटी है कि धमकियों के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है।


















