⚪ Bikaner Crime News
बीकानेर जिले में महिलाओं के साथ लगातार बढ़ रहे उत्पीड़न के मामलों के बीच एक और घटना सामने आई है। गुरुवार को एक विवाहिता ने एक व्यक्ति पर बार-बार फोन कर परेशान करने और ढाणी में जाकर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अक्सर अपने मामा के घर आती-जाती रहती थी, जहां उसकी एक व्यक्ति से पहचान हो गई थी। इसी पहचान का गलत फायदा उठाते हुए आरोपी पिछले चार महीनों से अलग-अलग नंबरों से फोन कर उसे परेशान कर रहा था। पहले सामान्य बात करता और बाद में अश्लील बातें कर नोखा बुलाने का दबाव बनाने लगा।
रिपोर्ट के अनुसार, 14 नवंबर को आरोपी ने विवाहिता को लगातार कॉल किया। पीड़िता के मना करने पर उसने धमकी देते हुए कहा कि वह उसकी ढाणी आ रहा है। 15 नवंबर को आरोपी पीड़िता की ढाणी में पहुंच गया और उसे अकेला पाकर अश्लील हरकतें करने लगा। पीड़िता ने तुरंत अपने परिवारजनों को फोन कर बुलाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद विवाहिता ने आरोपी के भाई को भी पूरा मामला बताया और थाने पहुंचकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। मोबाइल नंबरों की जांच, कॉल डिटेल्स और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोप गंभीर हैं और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।














