🔴 Rajasthan University News
राजस्थान यूनिवर्सिटी का कैंपस सोमवार शाम रणभूमि बन गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के शस्त्र पूजन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने वाले थे। लेकिन इससे पहले ही NSUI कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जैसे ही NSUI कार्यकर्ता आयोजन स्थल पर पहुंचे, उन्होंने मंच पर लगे RSS के बैनर को फाड़ दिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस पर दोनों छात्र संगठनों के बीच जबरदस्त झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ते देख गांधीनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बारिश के बीच लाठीचार्ज किया। इस लाठीचार्ज में 6 छात्रों के घायल होने की खबर है, जबकि 12 NSUI कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
गांधीनगर पुलिस का कहना है कि NSUI कार्यकर्ता बिना अनुमति परिसर में घुसे और कार्यक्रम को बाधित करने की कोशिश की। वहीं NSUI नेताओं ने पुलिस पर RSS के इशारे पर कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
NSUI छात्र नेता महेश चौधरी ने कहा – पुलिस ने बर्बरता की हद पार कर दी। छात्रों को पीटा गया और हमारी गाड़ियों के शीशे तक तोड़ दिए। यूनिवर्सिटी शिक्षा का मंदिर है, यहां शस्त्र पूजन जैसा कार्य नियमों के खिलाफ है।
छात्र नेता नीरज खींचड़ ने भी आरोप लगाया – पुलिस ने NSUI की आवाज दबाने के लिए RSS के इशारे पर छात्रों पर हमला किया। यहां तक कि RSS कार्यकर्ताओं ने भी लाठी-डंडों से वार किए। इसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस फिलहाल हालात काबू में बताती है, लेकिन यूनिवर्सिटी कैंपस में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस घटना के बाद ABVP और NSUI के बीच टकराव और गहराने की आशंका जताई जा रही है।














