Cloudburst in Jammu and Kashmir
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बादल फटने और भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के राजगढ़ गांव में शुक्रवार आधी रात को बादल फटने से बड़ा हादसा हुआ। इस आपदा में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है और दो लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। तेज़ बारिश और मलबे की धारा में दो मकान और एक स्कूल भवन बह गया।
प्रशासन ने बताया कि एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी भूभाग के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं।
जम्मू-कश्मीर में पिछले एक हफ्ते से भारी बारिश जारी है। नदियां उफान पर हैं और कई जगह बाढ़ का पानी अपने रास्ते में आई हर चीज़ को बहा ले जा रहा है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार पांचवें दिन भी बंद है। उधमपुर जिले में भूस्खलन के कारण करीब 2,000 से ज्यादा वाहन फंसे हुए हैं। जम्मू, सांबा, कठुआ और उधमपुर के कई गांव सड़क संपर्क से कट गए हैं।
उत्तराखंड में गुरुवार को बादल फटने से 5 लोगों की मौत हो गई और 11 लोग लापता हैं। हिमाचल प्रदेश के मनाली में ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे का बड़ा हिस्सा बह गया। वहीं, कश्मीर के गुरेज सेक्टर (बांदीपोरा) के तुलैल इलाके में भी बादल फटा, हालांकि वहां किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
लगातार बारिश और बादल फटने की घटनाओं से पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन, सड़क अवरोध और बाढ़ जैसी चुनौतियाँ खड़ी हो गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी जलवायु परिवर्तन का नतीजा हो सकती है।














