CM Bhajan Lal Sharma Bikaner Tour
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार दोपहर को लगभग 80 मिनट के संक्षिप्त दौरे पर बीकानेर पहुंच रहे हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे गुसाईंसर बड़ा गांव में चल रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल शिविर का निरीक्षण करेंगे और स्थानीय जनता को संबोधित भी करेंगे। सीएम के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला और भाजपा संगठन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहे हैं। हर गतिविधि की पल-पल की निगरानी की जा रही है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरती है। बीकानेर पुलिस ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से जुड़े ट्रॉमा सेंटर संघर्ष से जुड़े संभावित प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, ट्रॉमा सेंटर निर्माण में हो रही देरी के चलते विरोध की आशंका बनी हुई थी। इसी कारण 5 युवकों को हिरासत में लिया गया है, जो कि आंदोलन से सक्रिय रूप से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने जताया विरोध
पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने पुलिस कार्रवाई को लोकतंत्र के मूल्यों के खिलाफ बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “हम शांतिपूर्वक मुख्यमंत्री से मिलकर ट्रॉमा सेंटर की मांग का ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई कर युवाओं को हिरासत में ले लिया, यह पूरी तरह अनुचित है।”
महिया ने साफ किया कि अगर सरकार जनता की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने पर भी दबाव बनाएगी, तो वे सड़क से सदन तक विरोध करेंगे।















