RASHTRADEEP NEWS
रक्षाबंधन का त्योहार इस साल 19 अगस्त को मनाया जाएगा।यह त्योहार भाई-बहन के अटूट प्यार, स्नेह और बंधन का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को राखी बांधती हैं। बदले में भाई बहनों को गिफ्ट देते हैं साथ ही उनकी रक्षा की कसम खाते हैं। रक्षाबंधन के दिन बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर ट्रैवल भी करती हैं। राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। रक्षाबंधन पर महिलाएं इस साल राजस्थान में सरकारी बसों में फ्री यात्रा कर सकेंगी।
राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 19 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन केवल एक दिन के लिए सरकारी बसों में महिलाएं और लड़कियां फ्री यात्रा कर सकेंगी। फ्री यात्रा की यह सौगात राजस्थान की सीमा के भीतर ही मिलेगा। सरकारी बसों के कंडक्टर इस दिन महिलाओं और लड़कियों को निःशुल्क यात्रा टिकट बांटेंगे। जारी आदेश में यह भी बताया गया है कि इस दिन की यात्रा के लिए अग्रिम आरक्षण की सुविधा भी देय होगी। हालांकि फ्री यात्रा की यह सौगात एसी, वोल्वों और अखिल भारतीय अनुज्ञा पत्रों पर संचालित बसों में नहीं मिलेगी।