⚫ Hindu minority attack in Bangladesh
बांग्लादेश में फरवरी 2026 में होने वाले आम चुनावों से पहले सांप्रदायिक तनाव लगातार गहराता जा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू समुदाय पर हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला शरीयतपुर जिले का है, जहां भीड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल हिंदू व्यवसायी खोकन चंद्र दास की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खोकन चंद्र दास दामुड्या क्षेत्र में दवा और मोबाइल बैंकिंग की दुकान चलाते थे। 31 दिसंबर की रात वह दुकान बंद कर ऑटो-रिक्शा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान केउरभांगा बाजार के पास दंगाइयों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले धारदार हथियारों से हमला किया और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे खोकन जान बचाने के लिए पास के तालाब में कूद गए, लेकिन उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई। कई दिनों तक इलाज चलने के बाद आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को आम चुनाव प्रस्तावित हैं। चुनावों की घोषणा के बाद से ही हिंसा की घटनाओं में तेजी देखी जा रही है। बीते दो हफ्तों में हिंदुओं पर हमलों की यह चौथी बड़ी घटना बताई जा रही है। इससे पहले 18 दिसंबर को मयमनसिंह में दीपू चंद्र दास की मॉब लिंचिंग की घटना ने भी देश को झकझोर दिया था।
भारत ने इन घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए इसे बेहद गंभीर करार दिया है। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने भी हिंदू युवक की हत्या को भयावह बताते हुए बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


















