RASHTRADEEP NEWS
लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आ चुके हैं। जनता ने इस बार किसी भी पार्टी को जनादेश नहीं दिया है। पिछले दो बार से सत्ता के शीर्ष पर बैठी भाजपा को इस बार पूर्ण बहुमत नहीं मिला। भाजपा को 240 सीटें मिली जो 2019 से 63 कम है। अब भाजपा को ऐसी स्थिति में अब अपने गठबंधन के साथियों की तरफ देखना पड़ेगा। नरेंद्र मोदी 8 जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे और NDA गठबंधन भारत ने तीसरी बार सरकार बनाएगा। वहीं दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन, पिछले दो चुनावों से करारी शिकस्त झेल रहे विपक्ष के लिए यह चुनाव एक संजीवनी की तरह रहा।
इंडिया गठबंधन की मीटिंग के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने साफ कर दिया है कि इंडिया गठबंधन सरकार बनाने का दावा पेश नहीं करेगा। खरगे ने बैठक खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, गठबंधन के नेताओं ने मौजूदा वक्त की सियासी परिस्थितियों पर दो घंटे तक चर्चा की। आज की परिस्थिति पर बहुत से सुझाव आए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, इंडिया गठबंधन के घटक हमारे गठबंधन को मिले जबरदस्त समर्थन के लिए भारत की जनता को धन्यवाद देते हैं। जनता के जनादेश ने भाजपा और उनकी नफरत, भ्रष्टाचार की राजनीति को करारा जवाब दिया है। यह भारत के संविधान की रक्षा, महंगाई, बेरोजगारी और साठगांठ वाले पूंजीवाद के खिलाफ और लोकतंत्र को बचाने के लिए दिया गया जनादेश है। इंडिया ब्लॉक मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के फासीवादी शासन के खिलाफ लड़ना जारी रखेगा। हम भाजपा द्वारा शासित न होने की लोगों की इच्छा को साकार करने के लिए उचित समय पर उचित कदम उठाएंगे।


















