RASHTRADEEP NEWS
गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से पैरोल पर बाहर आ रहा है। हरियाणा विधानसभा के लिए होने वाले मतदान से ठीक पहले राम रहीम को मिली पैरोल से चर्चाओं का बाजार गर्म है। यह 11वीं बार जब राम रहीम को पैरोल मिली है।
राम रहीम की पैरोल टाइमिंग को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। राम रहीम को पैरोल दिए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। कांग्रेस ने कहा कि हरियाणा में मतदान से पहले राम रहीम को पैरोल ना दी जाए, क्योंकि राम रहीम हरियाणा में मतदाताओं को प्रभावित कर सकता है। राम रहीम का पिछला इतिहास इस बात का गवाह है कि हरियाणा में उसकी जबरदस्त फॉलोइंग है, वो इसका इस्तेमाल कर सकता है।
हरियाणा में 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और परिणाम 8 अक्टूबर को आएगा। राम रहीम की पैरोल को चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया ये भी जाता है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम का हरियाणा की 36 सीटों पर असर है। यही वजह है कि चुनाव के बीच राम रहीम की पैरोल को मंजूरी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि चुनाव आयोग ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को सशर्त पैरोल दी है।
रोहतक की सुनारिया जेल में बंद गुरमीत राम रहीम अब तक 10 बार जेल से बाहर आ चुका है। बलात्कार का दोषी गुरमीत राम रहीम सिंह 20 दिन की पैरोल पर आने के बाद यूपी के बागपत में रहेगा, जहां उसके स्वागत की तैयारियां चल रही हैं।