RASHTRADEEP NEWS
बीकानेर नगर निगम के वार्ड नं 3 के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नंदलाल गहलोत के समर्थन में सुजानदेसर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने क्षेत्र के विकास के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को दोहराया और मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जनसभा को संबोधित करते हुए राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने कहा कि, जब तक इस क्षेत्र का नेतृत्व भाजपा के हाथों में था, तब तक विकास कार्यों में उपेक्षा की गई। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद ही क्षेत्र की दशा और दिशा में सुधार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कार्यकाल में सुजानदेसर में पक्की सड़कों का निर्माण, गंदे पानी की निकासी के लिए ट्रीटमेंट प्लांट, स्कूलों का क्रमोन्नति, इंग्लिश मीडियम स्कूल और सेटेलाइट अस्पताल की स्थापना जैसे विकास कार्य संपन्न हुए हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने कहा कि कांग्रेस वार्ड नं 3 के हर जायज कार्य के लिए हमेशा खड़ी रहेगी और उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नंदलाल गहलोत की जीत सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नंदलाल गहलोत की जीत के बाद भी कांग्रेस वार्ड की हर समस्या का समाधान करेगी। पूर्व मंत्री मदनगोपाल मेघवाल और संगठन महासचिव नितिन वत्सस ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, भाजपा का शासन आम जनता की समस्याओं को हल करने में विफल रहा है और मतदाताओं से कांग्रेस को समर्थन देने का आग्रह किया। इस अवसर पर पार्षद प्रत्याशी नंदलाल गहलोत ने वार्ड के हर निवासियों के जायज कार्यों को पूरा करने का वादा किया। सभा का संचालन मिलन गहलोत ने किया।
जनसभा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें वरिष्ठ अधिवक्ता किशन गहलोत, पीसीसी सचिव साजिद सुलेमानी, पूर्व पार्षद हजारी मल देवड़ा, महिला कांग्रेस की अध्यक्षा शर्मिला पंचारिया, जयकिशन गहलोत, मिलन गहलोत आदि उपस्थित रहे।













