🟡 Delhi Red Fort Blast 2025
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए 10 नवंबर ब्लास्ट मामले में जांच एजेंसियों ने गुरुवार को बड़ा खुलासा किया है। अब सामने आया है कि ये हमला सिर्फ 2 नहीं बल्कि 4 कारों में ब्लास्ट करने की पूरी आतंकी साजिश थी। हमलावरों की योजना थी कि एक साथ कई जगह धमाके कर राजधानी दिल्ली को दहलाया जाए।
जांच एजेंसियों को ये सनसनीखेज जानकारी अल फलाह यूनिवर्सिटी से बरामद 3 डायरी से मिली है, जो डॉ. उमर (कमरा नंबर 4) और डॉ. मुजम्मिल (कमरा नंबर 13) के कमरे से मिलीं। डायरियों में 8 से 12 नवंबर तक की गतिविधियों का पूरा रिकॉर्ड है और लगभग 25 नाम दर्ज हैं — जिनमें से ज्यादातर जम्मू-कश्मीर और फरीदाबाद के रहने वाले हैं।
ब्लास्ट के बाद कार से मिले दांत, हड्डियां, खून लगे कपड़े और पैर का हिस्सा डॉ. उमर का ही था। DNA रिपोर्ट में उसकी पहचान उसकी मां के DNA से मैच हो चुकी है। इससे साफ हो गया है कि ब्लास्ट के वक्त उमर खुद कार में मौजूद था और धमाका योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। बुधवार को हुई कैबिनेट मीटिंग में केंद्र सरकार ने इसे टेरर अटैक घोषित करते हुए प्रस्ताव पारित किया है। NIA और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल मिलकर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं।


















