PBM Hospital Digital Registration
बीकानेर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अब मरीजों को लंबी कतारों से निजात मिलेगी और ओपीडी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पहले से कहीं ज्यादा तेज, सरल और संपर्क रहित होगी।पीबीएम अस्पताल में QR कोड आधारित ओपीडी रजिस्ट्रेशन प्रणाली की शुरुआत कर दी गई है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने जानकारी दी कि इस सुविधा से मरीज खुद अस्पताल परिसर में प्रदर्शित QR कोड को “आभा मोबाइल एप” या अन्य ऐप्स से स्कैन कर सकते हैं और तत्काल टोकन प्राप्त कर पंजीकरण करा सकते हैं। यह टोकन 60 मिनट के लिए वैध रहेगा और सीधे ऑपरेटर के सिस्टम पर दिखाई देगा, जिससे फास्ट ट्रैक पंजीकरण संभव होगा।
इन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से कर सकेंगे स्कैन
QR कोड स्कैनिंग के लिए मरीज आरोग्य सेतु, Driefcase, Paytm, Practo, Eka Care, Bajaj Health जैसे लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का उपयोग कर सकते हैं। इससे न केवल तकनीकी लचीलापन बढ़ेगा, बल्कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी मजबूत होगी।
प्रधानमंत्री डिजिटल स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत पहल
इस सुविधा का उद्देश्य PM-DHM (प्रधानमंत्री डिजिटल स्वास्थ्य मिशन) के तहत तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को जनसामान्य तक पहुँचाना है। आईएचएमएस अभियंता रविन्द्र सिंह राठौड़ व कमलकांत सोनगरा द्वारा अस्पताल के समस्त ऑपरेटरों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है, जिससे यह प्रणाली पूर्णतः प्रभावी रूप से लागू हो सके।
QR कोड आधारित रजिस्ट्रेशन से होंगे ये प्रमुख फायदे:
- संपर्क रहित और सुरक्षित प्रक्रिया
- रजिस्ट्रेशन में समय की बचत
- लंबी कतारों और भीड़-भाड़ से राहत
- डिजिटल हेल्थ आईडी (ABHA) का उपयोग
- पारदर्शी और ट्रैकिंग योग्य प्रक्रिया















