RASHTRADEEP NEWS
बीकानेर की सात विधानसभा सीटों की मतगणना के चलते पोलिटेक्निक कॉलेज के आसपास रविवार को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कॉलेज के आसपास किसी भी रास्ते से आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा, वहीं दूसरी या तीसरी लेन से यातायात सामान्य से आ जा सकेगा। मतगणना स्थल पर पार्किंग के लिए भी अलग-अलग गेट्स तैयार किए गए हैं।
पोलिटेक्निक कॉलेज के मुख्य द्वार पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। यहां से सिर्फ पॉलिटेक्निक कॉलेज के अंदर आना-जाना होगा। सिर्फ आला अधिकारी और विधानसभा चुनाव प्रत्याशी ही गेट नंबर एक से अंदर प्रवेश कर सकेंगे। इनका पार्किंग भी अलग रहेगा। इसके अलावा कर्मचारियों व प्रेस-मीडिया पर्सन को गेट नंबर दो से एंट्री मिलेगी।
वहीं पर कर्मचारियों व मीडिया की गाड़ियां पार्किंग हो सकेगी। काउंटिंग एजेंट्स को गेट नंबर तीन से एंट्री दी जाएगी। ये गेट जेएनवीसी से आईटीआई ग्राउंड की तरफ आने वाले रास्ते पर होगा। पोलिटेक्निक कॉलेज के सौ मीटर के दायरे में आने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस के साथ ही बड़ी संख्या में थानों से पुलिस तैनात किए गए हैं। पंचशती सर्किल के पास से ही पुलिस तैनात हो जाएगी। चप्पे चप्पे पर पुलिस बल को सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। रिजल्ट के बाद किसी तरह के जुलूस पर भी रोक रहेगी, ऐसे में लोगों को एक जगह एकत्र होने से भी रोका जाएगा।














