Rajasthan/Jaipur News
नगर निगम जयपुर हैरिटेज मुख्यालय के मीटिंग हॉल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ठेकेदार के कर्मचारी हरदयाल का शव पंखे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि हरदयाल ने मीटिंग हॉल में पंखे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या की। यह घटना उस समय सामने आई जब शाम को हॉल को बंद किया जा रहा था।
पुलिस को मौके से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है। जिसमें नगर निगम हैरिटेज के XEN हेडक्वार्टर योगेश कुमावत पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हरदयाल ने सुसाइड नोट में लिखा है कि, XEN कुमावत ने उसके साथ बत्तमीजी, गाली-गलौच और अभद्रता की, जिससे वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था। हरदयाल ने बताया कि वह ठेकेदार के अधीन काम करता था और उसकी जिम्मेदारी कूलर भरने और टॉयलेट की सफाई करने की थी। जब से योगेश कुमावत को XEN हैडक्वार्टर बनाया गया है। तब से वह लगातार प्रताड़ित हो रहा था। नोट में हरदयाल ने अपने बेटे का मोबाइल नंबर भी लिखा है। पुलिस ने शव को SMS अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
खास बात यह है कि जिस मीटिंग हॉल में यह घटना हुई, वहां हाल ही में मेयर कुसुम यादव ने पार्षदों और अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस घटना से निगम प्रशासन और ठेकेदारों के बीच कामकाज के तरीकों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
















